2047 तक एक करोड़ को एआई व डेटा एनालिटिक्स प्रशिक्षण का लक्ष्य
लखनऊ। प्रदेश सरकार प्रदेश में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार व उच्च स्तरीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘विमेन एआई मिशन’ लॉन्च करने जा रही है। यह महत्वाकांक्षी पहल विकसित यूपी @2047 अभियान के तहत संचालित की जाएगी। मिशन का लक्ष्य वर्ष 2047 तक एक करोड़ से अधिक महिलाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा एनालिटिक्स जैसे अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षित करना है, ताकि वे भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
राज्य सरकार का मानना है कि आईटी और एआई सेक्टर में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। इसी कड़ी में लखनऊ में एआई सिटी स्थापित करने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, जहां अत्याधुनिक तकनीकी ढांचा विकसित किया जाएगा। इस पहल से प्रशिक्षित महिलाओं को स्थानीय स्तर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल अपनाया जाएगा। महिलाओं को एआई और डेटा एनालिटिक्स की ट्रेनिंग देने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, मौजूदा एआई लैब नेटवर्क और तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए Google, Meta और OpenAI जैसी अग्रणी कंपनियों के साथ साझेदारी की योजना है। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग इस दिशा में विभिन्न तकनीकी कंपनियों के साथ करार करेगा। साथ ही मंडल और जिला स्तर पर एआई सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
सरकार की योजना केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। महिलाओं को तकनीकी दक्षता देने के साथ-साथ ‘स्त्री उद्योग केंद्र’ भी स्थापित किए जाएंगे। ये केंद्र महिलाओं के लिए विशेष औद्योगिक जोन के रूप में विकसित होंगे, जहां सुरक्षा, बुनियादी सुविधाएं और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इन केंद्रों का उद्देश्य महिलाओं को उद्योगों में सक्रिय भागीदारी और उद्यमिता के अवसर प्रदान करना है।
प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में आईटी एवं एआई सेक्टर में 50,000 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले आयोजित जीबीसी-4.0 में इस क्षेत्र में 91,582 करोड़ रुपये का निवेश आ चुका है, जो प्रदेश के तकनीकी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
विमेन एआई मिशन के माध्यम से सरकार का लक्ष्य महिलाओं को केवल तकनीकी प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों में नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार करना है। इससे प्रदेश में आईटी और एआई सेक्टर में महिला कार्यबल की संख्या बढ़ेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और उत्तर प्रदेश डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में मजबूत पहचान बना सकेगा।




