– 24 घंटे से लापता, गांव में पूरी रात चली तलाश; खोड़ारे थाने में FIR दर्ज
गोंडा।चार बच्चों के एक साथ गायब होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। खोड़ारे थाना क्षेत्र के ढडुवा कुतुबजोत गांव से 6 से 10 साल आयु वर्ग के चार बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए।
परिजनों के अनुसार, बच्चे खेलते-खेलते घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चों का सुराग न मिलने से परिवारों की चिंता बढ़ती जा रही है।
रात भर चली खोजबीन
गांव वालों ने पूरी रात आसपास के घरों, खेतों और तालाबों में तलाश की। ग्रामीणों ने टॉर्च और मोबाइल की रोशनी में हर संभावित स्थान की जांच की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला।
चारों बच्चों के परिवार वाले हैरान और परेशान हैं। माताएं रो-रोकर बेसुध हैं, जबकि पिता और अन्य परिजन लगातार पुलिस और ग्रामीणों के साथ खोज में लगे हैं। गांव में सन्नाटा और भय का माहौल है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। खोड़ारे थाना में बच्चों के लापता होने की FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीमों का गठन कर आसपास के क्षेत्रों में तलाश तेज कर दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों और बाहरी लोगों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पड़ोसी जिलों को भी अलर्ट किया गया है।




