– किदवई नगर की जूही लाल कॉलोनी में लोहे की सरिया से वार, गंभीर रूप से घायल
कानपुर। दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। किदवई नगर थाना क्षेत्र की जूही लाल कॉलोनी में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक पर लोहे की सरिया से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में कुछ युवकों द्वारा गाली-गलौज की जा रही थी। जब पीड़ित युवक ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दबंग रवि गुप्ता और निखिल गुप्ता ने मिलकर युवक पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया।
हमले में युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसे अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद के दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन हालात पूरी तरह शांत नहीं हो पाए। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद दबंगों ने दोबारा पड़ोसी के घर पर पथराव कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना के बाद जूही लाल कॉलोनी में तनाव का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इलाके के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे तत्वों का मनोबल बढ़ेगा। फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।




