कोलंबो: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 55वें मैच में भारत (India) ने पाकिस्तान (Pakistan) को 61 रन से हरा दिया है। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस हाईवोल्टेज मैच में भारत ने ईशान किशन की अर्धशतकीय पारी की मदद से 7 विकेट पर 175 रन बनाए थे। जवाब में 176 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी पाकिस्तानी टीम 17वें ओवर की अंतिम गेंद पर 114 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड बरकरार रखते हुए जीत हासिल की।
पाकिस्तान के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए, उनके अलावा शाहीन शाह आफरीदी ने रन का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर सका। भारत के लिए गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके, इनके अलावा कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को 1-1 सफलता मिली।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप के इतिहास में 175/7 रन का यह स्कोर भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2022 में भारत ने 160/6 और पाकिस्तान ने 159/8 का स्कोर बनाया था। वहीं 2007 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 157/5 रन बनाए थे।
भारतीय टीम की तरफ से इस मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही मामलों में पाकिस्तान के मुकाबले काफी आगे नजर आई, वहीं ये टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया की अभी तक पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से भी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2012 में पाकिस्तानी टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच में 11 रनों से जीत हासिल की थी जो सबसे बड़ी थी।
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें एक ही ग्रुप-ए में हैं। पाकिस्तान के खिलाफ इस जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में जगह कन्फर्म कर ली है। मौजूदा समय में भारत 3 में से 3 मैच जीतकर 6 अंक के साथ पॉइंट टेबल पर शीर्ष पर है। वहीं पाकिस्तान 2 जीत और 1 हार के साथ 4 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।


