बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला के पास शनिवार आधी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार और कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि बस में बैठे सभी 43 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार कार बेंगलुरु की ओर जा रही थी, तभी वह अचानक डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंच गई। सामने से आ रही केएसआरटीसी बस से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक अन्य गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। मृतकों की उम्र 17 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी युवक डोड्डाबल्लापुरा क्षेत्र के निवासी और आपस में दोस्त थे। हादसे के बाद बस यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
मदनायकनहल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जॉइंट पुलिस कमिश्नर कार्तिक रेड्डी के मुताबिक हादसे के कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या कार सवार युवक नशे में थे। इसके लिए खून के नमूने जांच हेतु लैब भेजे गए हैं। साथ ही मृतकों की पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।





