फर्रुखाबादl सातनपुर मंडी के आसपास लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को लेकर आलू विकास एवं विपणन सहकारी संघ के निदेशक अशोक कटियार ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है। उन्होंने जिला अधिकारी को पत्र भेजकर मंडी क्षेत्र में बढ़ती जाम की समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्तमान हालात से व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भेजे गए पत्र में अशोक कटियार ने बताया कि सातनपुर मंडी के निकट सेंट्रल जेल चौराहे के आसपास अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े रहने के कारण यातायात बाधित रहता है। मंडी के समय में बड़ी संख्या में ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन मंडी में प्रवेश करते हैं, जिससे पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल मंडी आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत होती है, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

उन्होंने मांग की है कि सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही मंडी गेट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कम से कम तीन आरक्षियों की तैनाती की जाए, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके। उनका कहना है कि पुलिस की नियमित निगरानी से जाम की समस्या में काफी हद तक सुधार लाया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि मंडी के जो गेट बंद रहते हैं, उन्हें वाहनों के आवागमन के लिए खोला जाए, जिससे दबाव एक ही प्रवेश द्वार पर न पड़े। अशोक कटियार ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन शीघ्र ही इस समस्या का संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि मंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आमजन को राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here