फर्रुखाबाद। रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिले में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने श्री पांडेश्वर नाथ धाम एवं मोहम्मदाबाद स्थित नीम करोली मंदिर पहुंचकर विधिवत जलाभिषेक किया और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, सुगम आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी पॉइंट्स, सीसीटीवी निगरानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का गहनता से मूल्यांकन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए तथा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हों।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा भीड़ प्रबंधन में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए।
ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अनुशासन, सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखें। महाशिवरात्रि जैसे बड़े पर्व पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।
मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। प्रशासनिक सतर्कता एवं बेहतर व्यवस्थाओं के चलते महाशिवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न होता नजर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here