पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद भी दर्ज नहीं की चोरी की रिपोर्ट,पीड़ित की पत्नी का रो रोकर बुरा हाल
मिर्जापुर (शाहजहांपुर): कस्बे के मोहल्ला कुतुलूपुर (Mohalla Kutulpur) में घनी आबादी के बीच एक बंद मकान के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के सोने चांदी (gold and silver jewellery) के जेवरात और कीमती धातु के बर्तन चोरी कर ले गए। गृहस्वामी परिवार सहित ईंट भट्ठे पर काम करने गया था। पड़ोसी की सूचना पर आए गृहस्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौका मुआयना तो किया,किंतु तहरीर देने के दूसरे दिन भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
पीड़ित परिवार के मुखिया रामनिवास ने बताया कि उसका मकान तीन तरफ से आबाद मकानों से घिरा हुआ है। सामने गली में शिक्षक मुकेश व सुनील के मकान के बाहर सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ है। जिससे वह अपने चौतरफा सुरक्षित मकान में ताले डालकर बीते अक्टूबर माह में हरियाणा के ईंट भट्ठे पर परिवार सहित काम करने चला गया था।
बीती 12 फरवरी को उसके पड़ोस में रहने वाले छोटे भाई नेत्रपाल की लड़की ने उसे सूचना दी कि तुम्हारे मकान के ताले टूटे पड़े हैं। वह सूचना मिलते ही पत्नी के साथ घर के लिए चल दिया। 13 फरवरी को सुबह घर आने पर देखा,कि उसके ऊपर नीचे के दोनों कमरों के साथ ही कमरों में रखे दो बड़े संदूकों के भी ताले टूटे पड़े थे। जब उसने संदूकों में देखा तो उसमें रखे सोने के झाले,कुंडल,मांगवेंदी, बेसर,बच्चों के कुण्डल और चार जोड़ी पायल गायब थीं। इसी संदूक में रखे उसके परिवार के कई लोगों के आधार कार्ड,पैनकार्ड,बैंक पासबुक व आवश्यक कागजात भी गायब हैं।चोर कमरे के टांड़ पर रखे लड़के की शादी में मिले पीतल और फूल के कीमती बर्तन भी चोरी कर ले गए।
पीड़ित रामनिवास ने बताया कि उसने मिर्जापुर थाने में चोरी की तहरीर दे दी है। पुलिसकर्मी मौका मुआयना करने के साथ कमरों और संदूकों के टूटे पड़े तालों के फोटो वीडियो भी बना ले गए हैं। किंतु पुलिस ने अभी तक न तो शिक्षक मुकेश के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की और न ही घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़ित का कहना है कि चोरों ने उसके घर में पानी पीने के लिए एक गिलास भी नहीं छोड़ा है।


