पुलिस ने की नाबालिक ई रिक्शा चालक की जमकर पिटाई
फर्रुखाबाद। थाना कादरी गेट क्षेत्र में तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से महिला और उसका छोटा पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद नाबालिग चालक ई-रिक्शा लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के पुल मंडी निवासी 13 वर्षीय रजत पुत्र शिव कुमार जाटव ई-रिक्शा चला रहा था। बताया जा रहा है कि वह भीलवाड़ा वाले इलाके की ओर तेज रफ्तार में ई-रिक्शा लेकर जा रहा था। बस स्टैंड के सामने रोडवेज चौकी के निकट उसने एक महिला और उसके छोटे पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि महिला का पुत्र मौके पर ही बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर घायलों को संभाला। हादसे के बाद नाबालिग चालक ने ई-रिक्शा लेकर मौके से भागने की कोशिश की, जिससे अन्य दुर्घटना होने की आशंका बन गई। यह नजारा देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए और दौड़कर चालक व ई-रिक्शा को पकड़ लिया।
पुलिस ने नाबालिग चालक के परिजनों को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान पुलिस ने पकड़े गए किशोर चालक की पिटाई भी कर दी, जिसे लेकर वहां मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
घायल महिला और उसके पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नाबालिग बच्चों द्वारा ई-रिक्शा चलाना आम हो गया है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्ती बरतने और अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






