प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी ने याद किए वीर जवान

नई दिल्ली। वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले की बरसी पर शनिवार को देश ने 40 शहीद सीआरपीएफ जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग हर भारतीय को ताकत देता है और सदैव राष्ट्र की स्मृति में अंकित रहेगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि वर्ष 2019 में पुलवामा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को याद कर रहा हूं। उनकी देशभक्ति, दृढ़ संकल्प और सेवा भावना सदैव हमारी सामूहिक चेतना का हिस्सा रहेगी। उन्होंने कहा कि देश उनकी वीरता को कभी नहीं भूलेगा।
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा कि पुलवामा में हुए दुस्साहसी आतंकी हमले में शहीद हुए हमारे वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। भारत माता की रक्षा में उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी पुलवामा हमले में शहीद जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि उनका सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र को एकजुट और सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है तथा सुरक्षित भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करता है।
उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाया था। 78 वाहनों के काफिले में लगभग 2,500 जवान यात्रा कर रहे थे, जिनमें से 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।
हमले के बाद देशभर में आक्रोश की लहर दौड़ गई थी। इसके जवाब में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में आतंकी शिविरों पर हवाई कार्रवाई की थी, जिससे भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव बढ़ गया था। पुलवामा हमला न केवल देश को गहरे शोक में डुबो गया, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति और वैश्विक स्तर पर सुरक्षा चिंताओं को लेकर व्यापक चर्चा का कारण भी बना।
14 फरवरी को देश ‘ब्लैक डे’ के रूप में भी याद करता है, जब 40 बहादुर सीआरपीएफ जवानों ने राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनके बलिदान को देश हमेशा कृतज्ञता और सम्मान के साथ स्मरण करता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here