लोहिया चिकित्सालय में कराया गया भर्ती
फर्रुखाबाद। जनपद के थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत गांव खिनमिनी में उस समय हड़कंप मच गया जब घर में खेल रही एक तीन वर्षीय मासूम बालिका ने अनजाने में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन घबरा गए और आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार गांव खिनमिनी निवासी देव की तीन वर्षीय पुत्री गुन्नू घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान खेल-खेल में उसने घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर बाद बालिका की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे उल्टी और घबराहट होने लगी, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन बिना देर किए मासूम को लेकर डॉ राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बालिका की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसे निगरानी में रखा गया है।






