यूथ इंडिया संवाददाता
फर्रुखाबाद। थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत चिलसरा रोड स्थित कर्बला मैदान नजफ में अराजक तत्वों द्वारा आगजनी और कब्रों को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू कर दिए गए। सूचना पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, एसडीएम सदर रजनीकांत, तहसीलदार सदर सनी कनौजिया ने मौके पर पहुंच मामले की पडताल की।
जानकारी के अनुसार कर्बला मैदान एवं कब्रिस्तान परिसर में कुछ अज्ञात लोगों ने देर रात उपद्रव करने की कोशिश की। इस दौरान वहां रखे ताजियों में आग लगा दी गई, जिससे वे जलकर खाक हो गए। साथ ही कब्रों को भी तोडक़र क्षति पहुंचाई गई। घटना के बाद समुदाय विशेष में आक्रोश व्याप्त हो गया और लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में साबिर हुसैन रिजवी, सदाकत हुसैन सैंथली, साजिद हुसैन समेत अन्य लोगों ने थाना मऊ दरवाजा पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कर तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दिनों भी कर्बला मैदान में दो बार चोरी का प्रयास किया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि समय रहते कार्रवाई न होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) ऐश्वर्या उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनावपूर्ण स्थिति न उत्पन्न हो।
कर्बला मैदान में आगजनी और कब्रों को नुकसान, क्षेत्र में तनाव, पुलिस मौके पर, जांच तेज


