आजमगढ़l मुबारकपुर कस्बे में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौलाना शमशुल हुदा खान के बंद पड़े मकान पर छापा मारा। यह कार्रवाई कथित धोखाधड़ी, विदेशी धन जुटाने और ब्रिटिश नागरिकता छिपाकर सरकारी वेतन लेने के आरोपों के संबंध में की गई। ईडी की टीम सुबह पहुंची और कई घंटों तक घर के अंदर गहन जांच-पड़ताल की।
सूत्रों के अनुसार, मौलाना शमशुल हुदा खान पर आरोप है कि उन्होंने अपनी ब्रिटिश नागरिकता को छिपाकर उत्तर प्रदेश में मदरसा शिक्षक के रूप में कार्य किया और सरकारी वेतन प्राप्त किया। इसके साथ ही उन पर एक एनजीओ के माध्यम से विदेश से धन जुटाने और उसके उपयोग में अनियमितता बरतने का भी आरोप है। बताया जा रहा है कि इस मामले में कुछ सरकारी अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा चुकी है।
कार्रवाई के दौरान ईडी टीम ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, क्योंकि घर बंद था। जांच के समय पूरे मोहल्ले को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। ईडी अधिकारियों ने आसपास के लोगों से उस जमीन के बारे में पूछताछ की, जिस पर मकान बना हुआ है। टीम ने फीता लेकर मकान की चौहद्दी की नाप-जोख भी की, जिससे संपत्ति के दस्तावेजों और वास्तविक क्षेत्रफल का मिलान किया जा सके।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जांच के दौरान घर के अंदर से कुछ तोड़-फोड़ जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही थीं। हालांकि आधिकारिक तौर पर ईडी ने इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है। माना जा रहा है कि टीम को घर के भीतर से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल उपकरण मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here