17 C
Lucknow
Wednesday, February 11, 2026

लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक विशेष ट्रेन 1 मार्च से, कासगंज होकर होगा संचालन

Must read

कासगंज। होली पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक होली विशेष ट्रेन (05045/05046) चलाने की घोषणा की है। यह विशेष गाड़ी एक मार्च से 30 मार्च तक कुल पांच फेरों के लिए संचालित की जाएगी। इस निर्णय से उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। कासगंज होकर ट्रेन के गुजरने से जनपद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष सुविधा प्राप्त होगी।

इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि 05045 लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक होली विशेष गाड़ी एक मार्च से 29 मार्च तक प्रत्येक रविवार को लालकुआं से दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर प्रस्थान करेगी। यह गाड़ी किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, सोरों शूकर क्षेत्र और कासगंज होते हुए हाथरस सिटी, मथुरा कैंट, मथुरा जंक्शन, भरतपुर और दौसा से गुजरकर अगले दिन जयपुर, फुलेरा, सुरेंद्रनगर और वांकानेर जंक्शन के रास्ते शाम 6 बजकर 10 मिनट पर राजकोट पहुंचेगी।

वापसी में 05046 राजकोट-लालकुआं होली विशेष गाड़ी दो मार्च से 30 मार्च तक प्रत्येक सोमवार को राजकोट से रात 10 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी। यह ट्रेन वांकानेर और सुरेंद्रनगर से होते हुए भरतपुर, मथुरा जंक्शन, मथुरा कैंट, हाथरस सिटी, कासगंज, सोरों शूकर क्षेत्र और बदायूं के रास्ते किच्छा पहुंचकर सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर लालकुआं पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यह गाड़ी पांच-पांच फेरे लगाएगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि होली के दौरान लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और प्रतीक्षा सूची का दबाव भी कम होगा। रेलवे ने यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने तथा यात्रा के दौरान सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। त्योहार को देखते हुए संबंधित स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article