राजेपुर| थाना क्षेत्र के कस्बा तिराहे पर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़क खुदाई के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। जेसीबी मशीन से की जा रही खुदाई में बीएसएनएल की भूमिगत केबल कट गई, जिसके चलते क्षेत्र में बीएसएनएल के टावर बंद हो गए और मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप हो गया। अचानक नेटवर्क गायब होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार सड़क के नीचे लगभग चार फुट गहराई में बीएसएनएल की मुख्य केबल बिछी हुई थी। खुदाई कार्य के दौरान बिना समुचित तकनीकी जांच और विभागीय समन्वय के जेसीबी चलाए जाने से केबल क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि यह केबल राजेपुर से फर्रुखाबाद होते हुए दिल्ली तक जुड़ी भूमिगत लाइन का हिस्सा है, जिससे संचार व्यवस्था प्रभावित हुई।
केबल कटने के बाद पूरे इलाके में बीएसएनएल नेटवर्क ठप हो गया। मोबाइल कॉल, इंटरनेट सेवा और अन्य संचार माध्यम बाधित रहे। व्यापारियों, विद्यार्थियों और ऑनलाइन कार्य करने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ी। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि आपातकालीन संपर्क तक प्रभावित हो गया।
घटना के लगभग 24 घंटे बाद फर्रुखाबाद से बीएसएनएल की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। टीम ने क्षतिग्रस्त हिस्से की पहचान कर केबल जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ की। अधिकारियों का कहना है कि सेवा बहाली के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण या खुदाई कार्य से पहले संबंधित विभागों के बीच समन्वय न होने के कारण बार-बार इस तरह की घटनाएं होती हैं। उन्होंने मांग की है कि भविष्य में खुदाई से पूर्व भूमिगत केबल और पाइपलाइन की जानकारी लेकर ही कार्य कराया जाए, ताकि संचार सेवाएं बाधित न हों।
बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और संबंधित विभाग से जवाब मांगा जाएगा। फिलहाल मरम्मत कार्य पूरा होते ही नेटवर्क सेवा बहाल किए जाने का आश्वासन दिया गया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here