राजेपुर: थाना क्षेत्र के चाचुपुर तिराहे के समीप डटावा-बरेली हाईवे (Etawah-Bareilly highway) पर मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना (road accident) हो गई। तेज रफ्तार डंपर और इको कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटना में शामिल डंपर का नंबर MPO7 AH 3611 तथा इको कार का नंबर UP 76 AV 1410 बताया गया है। हादसे में घायल कार चालक की पहचान हरदोई जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के केखाई गांव निवासी अवनीश कुमार, पुत्र रामकुमार डे के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद चालक कार में ही फंस गया था।
सूचना मिलने पर राजेपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बाहर निकलवाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उसे जिला लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस संबंध में राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि घायल कार चालक को समय रहते अस्पताल भिजवाया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


