स्कूल प्रशासन को मिला धमकी भरा ई-मेल, तलाशी में नहीं मिला कोई संदिग्ध
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में उस समय हड़कंप मच गया, जब 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। स्कूल प्रशासन को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।
जानकारी के अनुसार, धमकी मिलने के बाद संबंधित स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया और पुलिस, बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड की मदद से गहन तलाशी अभियान चलाया गया। राहत की बात यह रही कि तलाशी के दौरान किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
धमकी की चपेट में आए स्कूलों में
एलकॉन पब्लिक स्कूल, ईस्ट दिल्ली,बाल भारती पब्लिक स्कूल, रोहिणी,अशोक विहार क्षेत्र के कई स्कूल शामिल बताए जा रहे हैं।
छात्रों और अभिभावकों में दहशत
धमकी की सूचना मिलते ही स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई स्कूलों ने एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित कर दी, जबकि कुछ स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित तरीके से घर भेजा गया।
दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साइबर सेल भी जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला अफवाह या शरारत का हो सकता है, लेकिन किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।
घटना के बाद स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने स्कूल प्रशासन से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here