कैंटीन का सामान बाहर फेंका, जबरन दुकान कराई बंद
कन्नौज। कन्नौज जनपद में शराब ठेके को लेकर महिलाओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। नाराज़ महिलाओं ने ठेके की कैंटीन का सामान बाहर फेंक दिया और जबरन शराब की दुकान बंद करा दी। मामला तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के उमरायपुरवा गांव का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव के भीतर शराब ठेका खोले जाने से महिलाएं लंबे समय से परेशान थीं। उनका कहना है कि ठेके के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है और आए दिन शराबियों द्वारा हुड़दंग किया जाता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को असुरक्षा महसूस होती है।
गुस्साई महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर ठेके का विरोध किया और प्रशासन से शराब का ठेका गांव से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि जब तक ठेका गांव से बाहर नहीं खोला जाएगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच का आश्वासन दिया।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here