कासगंज: शहर की आवास विकास कॉलोनी (Awas Vikas Colony) में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से स्थानीय लोग खासे परेशान हैं। वी.ए.वी. कॉलेज (VAV College) के सामने से कॉलोनी को जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें अक्सर गंदा पानी भरा रहता है। बारिश या हल्की फुहार के बाद हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया के आवास के ठीक सामने सड़क की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। यहां गड्ढों में भरे पानी के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहन अक्सर फिसलने की स्थिति में आ जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कॉलोनी शहर की गिनी-चुनी अच्छी कॉलोनियों में शामिल है, इसके बावजूद यहां की सड़क और साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह उपेक्षित है।
सड़क की बदहाली के साथ-साथ कॉलोनी में सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। जगह-जगह कूड़े-करकट और गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नालियों की नियमित सफाई न होने से जलभराव की समस्या बनी रहती है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लोगों को सता रहा है।
स्थानीय निवासी सुधाकर सिंह, भानू प्रताप, धर्मेंद्र मास्टर, कमलेश मिश्रा और अवधेश भारद्वाज सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कॉलोनी में तत्काल साफ-सफाई कराई जाए और जर्जर सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और कॉलोनी की बदहाल स्थिति में सुधार हो सके।


