शाहजहांपुरl
सोशल मीडिया पर गाली-गलौज वाले वीडियो बनाकर चर्चा में आई सीमा भाभी को गांव के ही लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोग उनके घर में घुस आए और सीमा भाभी व उनके पति के साथ जमकर मारपीट की, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं।
मामला जलालाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रैपुरा का है। यहां रहने वाली सीमा भाभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर गाली-गलौज वाले वीडियो बनाकर पोस्ट करती हैं। हाल ही में उन्होंने “सीमा भाभी” नाम की आईडी से एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था, जिसका गांव के कई लोगों ने विरोध किया।
आरोप है कि वीडियो का विरोध होने पर सीमा भाभी के पति ने भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा में टिप्पणियां कीं। इससे नाराज होकर गांव के कुछ लोग भड़क गए और कथित तौर पर सीमा भाभी के घर में घुसकर उनके साथ-साथ उनके पति की भी पिटाई कर दी।
घटना के बाद पीड़ित महिला अपने परिवार के साथ जलालाबाद कोतवाली पहुंची और आरोपियों के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की बात कही जा रही है।


