16 C
Lucknow
Sunday, February 8, 2026

कायमगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर से गिरकर ग्रामीण की मौत, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल

Must read

फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जहां मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार नगला कुम्हारी गांव निवासी मुकेश (40 वर्ष), अनेक (22 वर्ष) और फूल सिंह (37 वर्ष) ट्रैक्टर से कायमगंज स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में आलू जमा कराने के बाद देर रात अपने गांव वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर जैसे ही मई हादीदादपुर और ज्योना गांव के बीच पहुंचा, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से मुकेश और अनेक ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। सड़क पर गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ में मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मुकेश को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं अनेक की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि घायल अनेक की तलाशी के दौरान उसकी जेब से देशी शराब के दो पौव्वा बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय वह नशे की हालत में था। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे से नगला कुम्हारी गांव में मातम का माहौल है और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article