लखनऊ। प्रदेश में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी तेज पछुआ हवाओं का असर देखने को मिला। तेज धूप निकलने के बावजूद हवा चलने से मौसम में नरमी महसूस की गई। खासतौर पर सुबह और शाम के समय गलन में कमी दर्ज की गई, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। राजधानी लखनऊ सहित आसपास के जिलों में दिनभर तेज धूप रही, हालांकि धूप इतनी तीखी थी कि लोग सीधे सामना करने से बचते नजर आए।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में कोहरे का असर अब लगभग समाप्त हो चुका है। शनिवार सुबह केवल कुशीनगर और बहराइच जिलों में ही हल्के कोहरे की स्थिति देखी गई, जबकि अन्य जिलों में दृश्यता सामान्य रही। उन्होंने बताया कि फिलहाल अगले दो-तीन दिनों तक कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है, जिसके चलते तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा चल सकती है। हवा की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना जताई गई है। इसके चलते दिन में धूप के साथ हल्की ठंडक बनी रह सकती है। मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने के कारण धूप खिली रहेगी।
राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि कोहरे की विदाई के साथ ठंड का असर और कम होगा। मंगलवार से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन और रात दोनों में मौसम और सुहावना हो जाएगा।
मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम को लेकर किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से राहत और स्थिर मौसम का अनुभव होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here