फर्रुखाबाद| राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भूसेरा गांव में घरेलू हिंसा का एक मामला सामने आया है। यहां मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता महिला ने इस संबंध में राजेपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच खाना बनाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है और उसे प्रताड़ित करता रहा है। महिला ने बताया कि घटना वाले दिन भी उसका पति शराब के नशे में था और मामूली बात पर उसने उसके साथ मारपीट की।
मारपीट के बाद पीड़िता ने अपने मायके में रह रहे भाई को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह अपने भाई के सहयोग से राजेपुर थाना पहुंची और पति के खिलाफ लिखित शिकायत दी। महिला का कहना है कि वह लगातार घरेलू हिंसा का शिकार हो रही है और अब उसे न्याय की उम्मीद है।
इस संबंध में राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि महिला की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।




