नोएडा। पॉश इलाके में स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें बार के बाउंसरों की अराजकता साफ दिखाई दे रही है। आरोप है कि इम्प्लांसे बार के बाउंसरों ने मामूली कहासुनी के बाद जमकर मारपीट की और एक युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बना रही एक महिला के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बार के अंदर किसी बात को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते उग्र रूप ले बैठी। आरोप है कि बाउंसरों ने स्थिति संभालने के बजाय खुद हिंसा का रास्ता अपनाया और युवक पर लात-घूंसे बरसाने लगे। युवक को जमीन पर गिराकर भी पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान मौजूद एक महिला जब अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करने लगी, तो बाउंसरों ने उस पर भी हमला कर दिया। महिला के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
थाना सेक्टर-39 इलाके का मामला
यह पूरा मामला थाना सेक्टर 39 क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ितों से तहरीर लेकर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
मॉल और बार की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना के बाद गार्डन गैलेरिया मॉल की सुरक्षा व्यवस्था और बार संस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि जिन बाउंसरों की जिम्मेदारी सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने की होती है, वही कानून हाथ में लेते नजर आए। इससे आम लोगों में भय का माहौल बन गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले बाउंसरों व बार प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों की मेडिकल जांच कराई जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here