शाहजहांपुर।शाहजहांपुर जनपद के पुवायां थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर तेजाब फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। महिला से छेड़छाड़ और महिला के पति से मारपीट के पुराने विवाद को लेकर एक महिला ने अपने मौसेरे देवर के चेहरे पर तेजाब डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। पीड़ित युवक दृगपाल किसी काम से गांव में जा रहा था, तभी एक महिला ने पुरानी रंजिश को लेकर उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर महिला ने अचानक उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब पड़ते ही युवक बुरी तरह झुलस गया और चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में पीड़ित की मां नन्हीं देवी ने थाना पुवायां में तहरीर दी, जिसके आधार पर दिनांक 05 फरवरी 2026 को मुकदमा संख्या 085/2026 धारा 124(1)/352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। तहरीर में ग्राम वीरमपुर निवासी सरला देवी पत्नी देवेश कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 06 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना पुवायां पुलिस टीम ने वीरमपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित सड़क के तिराहे से आरोपी महिला सरला देवी को समय करीब 10:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्ता को उसके अपराध से अवगत कराते हुए विधिक प्रक्रिया का पालन किया गया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि पीड़ित दृगपाल उसके पति का मौसेरा भाई है और रिश्ते में देवर लगता है। उसने बताया कि वर्ष 2021 में दृगपाल द्वारा उसके साथ छेड़छाड़ की गई थी तथा उसके भाइयों ने उसके पति के साथ मारपीट की थी, जिसको लेकर उसने मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
अभियुक्ता का कहना है कि उक्त मुकदमे में सुलह कराने के लिए दृगपाल लगातार उस पर दबाव बना रहा था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने यह कदम उठा लिया।
वहीं, आरोपी महिला ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोपों को झूठा करार दिया है और कहा है कि उसे जानबूझकर फंसाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


