कौशांबीl सैनी कोतवाली क्षेत्र के मुक्तीपुर गांव निवासी एक ईंट-भट्ठा मजदूर की बिहार में संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुक्तीपुर गांव निवासी अजीत (22) पुत्र स्वर्गीय अमरनाथ बिहार के गया जिले के भठरौना गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। मृतक के साथ काम करने वाले मिथिलेश पुत्र लखन ने बताया कि तीन जनवरी को अजीत मोटरसाइकिल से बाजार जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने बिना किसी विधिक कार्रवाई के चार जनवरी को शव गांव भिजवा दिया। बृहस्पतिवार को मृतक की मां शिवनथिया देवी ने सैनी कोतवाली में तहरीर देकर बेटे की हत्या की आशंका जताई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


