फर्रुखाबादl शनिवार से वैलेंटाइन डे सप्ताह की शुरुआत ‘रोज डे’ के साथ होने जा रही है। इसे लेकर शहर के बाजार पूरी तरह सज-धज गए हैं। फतेहगढ़ से लेकर फर्रुखाबाद शहर तक फूलों की दुकानों पर रंग-बिरंगे गुलाबों की कतारें दिखाई देने लगी हैं। इस बार खास तौर पर दिल्ली और कोलकाता से विशेष किस्म के गुलाब मंगाए गए हैं, जिससे बाजार में रौनक बढ़ गई है। हालांकि, इन गुलाबों की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले इस बार उछाल देखने को मिल रहा है।
फूल विक्रेताओं का कहना है कि रोज डे को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। इस समय एक गुलाब का फूल 60 से 70 रुपये में बिक रहा है, जबकि रोज डे के दिन इसकी कीमत 80 से 100 रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बढ़ती मांग को देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही गुलाबों का स्टॉक बढ़ा लिया है।
इस बार सिर्फ गुलाब ही नहीं, बल्कि चॉकलेट बुके, कोरियाई पेपर रैपिंग और खास डिजाइन वाले बुके भी युवाओं की पहली पसंद बने हुए हैं। कपल्स के लिए आकर्षक और थीम आधारित बुके तैयार किए जा रहे हैं, जिनकी डिमांड तेजी से बढ़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि युवा वर्ग में नए ट्रेंड को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बाजार में लाल गुलाब प्यार के इजहार के लिए, सफेद गुलाब सच्चाई और शांति के प्रतीक के रूप में, जबकि गुलाबी गुलाब दोस्ती और खास एहसास के लिए सजाए गए हैं। फर्रुखाबाद शहर पूरी तरह से रोज डे के रंग में रंग चुका है, जहां हर तरफ फूलों की खुशबू के साथ प्यार और उत्साह की महक महसूस की जा सकती






