फर्रुखाबाद| कादरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़पुर मोहल्ले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात मजदूर की मौत हो गई। मकान में रंगाई-पुताई का कार्य करते समय मजदूर 33 केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बढ़पुर निवासी प्रमोद के मकान में रंगाई-पुताई का कार्य चल रहा था। गुरुवार सुबह प्रमोद शहर के लेबर चौराहे से एक मजदूर को काम के लिए साथ लाए थे। जिस मकान में काम चल रहा था, उसके बिल्कुल पास से 33 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। देर शाम कार्य के दौरान मजदूर अचानक असंतुलित हो गया और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायल मजदूर को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद मजदूर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाकर कादरी गेट थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मोर्चरी पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयास शुरू किए। इस दौरान पुलिस टीम लेबर चौराहे सहित आसपास के इलाकों में पहुंचकर लोगों से पूछताछ करती रही, लेकिन देर रात तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र भी बरामद नहीं हुआ है।
कादरी गेट थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों के कारण पहले भी हादसों की आशंका जताई जाती रही है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसका खामियाजा मजदूर को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here