राजेपुर| थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनन विभाग ने कार्रवाई की है। खनन अधिकारी संजय प्रताप ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर रामगंगा नदी के किनारे छापा मारकर अवैध खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर पकड़ा। अधिकारी को देखते ही ट्रैक्टर का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
बताया गया कि बिरसिंहपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में रामगंगा किनारे अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर खनन अधिकारी ने कार्रवाई की योजना बनाई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि बिना अनुमति और नियमों को दरकिनार कर खनन किया जा रहा था।
पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को विधिक कार्रवाई के लिए राजेपुर पुलिस थाने को सुपुर्द कर दिया गया है। राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि खनन विभाग द्वारा लाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश भी की जा रही है।
खनन अधिकारी संजय प्रताप ने पुष्टि करते हुए कहा कि अवैध खनन में लिप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया है। इस संबंध में आवश्यक रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here