– विभागीय आदेशों की अनदेखी पड़ी भारी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सहायक जिला पंचायतराज अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन न करने और कार्यों में लापरवाही के चलते की गई है।
जानकारी के मुताबिक, संबंधित अधिकारी द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी की गई। इस संबंध में पहले भी विभागीय स्तर पर निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कार्य समय पर पूरा नहीं किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पंचायतीराज निदेशालय उत्तर प्रदेश के निदेशक ने जितेंद्र कुमार गोंड को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पंचायतीराज विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच यह साफ संदेश गया है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी और आदेशों की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई होगी।
सूत्रों के अनुसार, निलंबन के साथ-साथ मामले में विभागीय जांच भी शुरू की जा सकती है। जांच के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय होगी।
सहायक जिला पंचायतराज अधिकारी सस्पेंड


