कानपुर| मंधना स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में बुधवार सुबह उस समय भारी हंगामा हो गया, जब कॉलेज फैकल्टी पर देरी से आने वाले करीब आधा दर्जन छात्र-छात्राओं की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे कॉलेज में तनाव का माहौल बन गया।
आरोप है कि सुबह क्लास में देर से पहुंचने पर फैकल्टी ने कुछ छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट की, जिससे अन्य छात्रों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद विभिन्न विभागों के छात्र एकजुट होकर कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन करने लगे और “वी वांट जस्टिस” जैसे नारे लगाए।
गुस्साए छात्रों का विरोध इतना बढ़ गया कि उन्होंने कॉलेज की कांच की खिड़कियां तोड़ दीं। हालात बिगड़ते देख कॉलेज प्रशासन ने एहतियातन सभी कक्षाओं को बंद कर दिया और छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया।
हंगामे की सूचना पर कल्याणपुर और बिठूर थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश शुरू की।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


