34.3 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

ट्रक से बचने के प्रयास में पीआरवी 112 की स्कॉर्पियो पलटी, चालक सहित तीन पुलिसकर्मी घायल

Must read

मैनपुरी: बिछवां थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसे में पीआरवी 112 की स्कॉर्पियो (PRV 112 Scorpio) कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें चालक सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसा नगला जीसुख गांव के पास जीटी रोड पर उस समय हुआ, जब पुलिस वाहन ट्रक (vehicle truck) से बचने का प्रयास कर रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीआरवी 112 मंगलवार रात करीब 11 बजे थाना बिछवां क्षेत्र के गांव दिबलपुर से ड्यूटी पूरी कर अपने निर्धारित प्वाइंट फर्दपुर की ओर लौट रही थी। जैसे ही वाहन नगला जीसुख के समीप पहुंचा, सड़क पर गलत दिशा में खड़े एक ट्रक को देखकर चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान स्कॉर्पियो डिवाइडर पर चढ़ गई और संतुलन बिगड़ने से सड़क पर पलट गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

दुर्घटना में चालक शरीफ, हेड कांस्टेबल अजय कुमार तथा होमगार्ड सत्येंद्र सिंह घायल हो गए। सूचना पर क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी सदर संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। साथ ही क्षतिग्रस्त पीआरवी वाहन को सड़क से हटवाकर थाने भिजवाया गया, जिससे यातायात सामान्य कराया जा सके।

प्रभारी थाना अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में चालक शरीफ का उपचार चल रहा है, जबकि हेड कांस्टेबल अजय कुमार और होमगार्ड सत्येंद्र सिंह को मामूली चोटें आने के बाद प्राथमिक उपचार के उपरांत छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने ट्रक के संबंध में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर संभाल लिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article