औरैया: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board exams) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं (High school and intermediate examinations) को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के बाद अब प्रश्नपत्र भी जिले में पहुंचने लगे हैं। अधिकारियों के अनुसार पांच फरवरी तक सभी प्रश्नपत्र प्राप्त हो जाएंगे, जिन्हें कड़ी सुरक्षा और निगरानी में रखा जाएगा। इस बार भी प्रश्नपत्रों के दो सेट भेजे गए हैं, ताकि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनी रहे।
जनपद में परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होंगी। हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 20,878 छात्र-छात्राएं तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में 19,886 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार जिले में कुल 40 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनके लिए जिले भर में 71 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
परीक्षा संचालन को सुचारू और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के लिए छह सचल दलों का गठन कर दिया गया है, जो केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य निरीक्षक की नियुक्ति भी की जा चुकी है। वहीं स्टेटिक मजिस्ट्रेट के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है।
परीक्षा की निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही शासन स्तर और अन्य माध्यमों से भी परीक्षा की मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य ने बताया कि इस बार परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य किया गया है। बिना आधार कार्ड के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि समय से सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और परीक्षा केंद्र पर अनुशासन का पालन हो।


