आशा मौर्य बोलीं– कार्रवाई नहीं हुई तो धरने पर बैठूंगी

सीतापुर| महमूदाबाद विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य के शिलान्यास से पहले अज्ञात व्यक्ति द्वारा शिलान्यास पत्थर तोड़े जाने की घटना से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस घटना को लेकर भाजपा विधायक महमूदाबाद आशा मौर्य ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने साफ कहा है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए तो वह धरने पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगी।
मिली जानकारी के अनुसार महमूदाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम लालापुर से चंदमौली आश्रम रमनगरा मार्ग के मरम्मत कार्य का शिलान्यास बुधवार को विधायक आशा मौर्य द्वारा किया जाना था। इस कार्यक्रम को लेकर मंगलवार रात मार्ग पर शिलान्यास का पत्थर विधिवत रूप से लगवाया गया था। लेकिन बुधवार सुबह जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा गया कि अज्ञात व्यक्ति ने शिलान्यास का पत्थर तोड़ दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक आशा मौर्य ने इसे प्रशासनिक लापरवाही और अराजक तत्वों की हरकत बताया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह न केवल जनप्रतिनिधि का अपमान है, बल्कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को बाधित करने की कोशिश भी है। विधायक ने मांग की कि मामले की तत्काल जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
विधायक आशा मौर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वह धरने पर बैठेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शिलान्यास कार्यक्रम आज ही निर्धारित समय पर होगा और वह किसी भी प्रकार के दबाव या डर से पीछे हटने वाली नहीं हैं।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन में भी हलचल मच गई है। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अज्ञात व्यक्ति की तलाश की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here