बीडीओ व एडीओ पंचायत ने दिलाया स्वच्छता का संदेश

फर्रुखाबाद| राजेपुर विकास खंड में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुनील कुमार जायसवाल और एडीओ पंचायत अजीत पाठक के नेतृत्व में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत ब्लॉक परिसर, सभागार और आवासीय परिसर में साफ-सफाई कराई गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और कार्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल के साथ-साथ आवास के आसपास भी नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कार्यालय और आवासीय क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना न केवल प्रशासन की जिम्मेदारी है, बल्कि इसमें हर कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। स्वच्छ वातावरण से न सिर्फ कार्यक्षमता बढ़ती है, बल्कि स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
एडीओ पंचायत अजीत पाठक ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाना है। उन्होंने बताया कि यदि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो कई बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे कार्यालय के साथ-साथ अपने गांव और मोहल्लों में भी स्वच्छता का संदेश पहुंचाएं।
अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ-साथ पौधारोपण के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों को बताया गया कि पौधे ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिकारियों ने सभी से अपने आसपास पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here