फर्रुखाबाद| राजेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 22 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती अपने प्रेमी के साथ गई है, जिसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार युवती एक दिन पहले घर से सब्जी लाने का बहाना बनाकर निकली थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटी। जब देर शाम तक युवती का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पहले रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन कहीं भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
काफी खोजबीन के बाद जब युवती का पता नहीं चला तो परिजनों ने राजेपुर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। तहरीर में परिजनों ने पड़ोसी गांव के एक युवक पर आरोप लगाया है कि उसने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों का कहना है कि पहले से दोनों के बीच जान-पहचान थी, इसी का फायदा उठाकर युवक युवती को अपने साथ ले गया।
इस संबंध में राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है और युवक की तलाश की जा रही है। थाना अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि युवती को जल्द से जल्द बरामद कर सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।






