लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आवारा पशुओं का खतरा एक बार फिर सामने आया है। चौक क्षेत्र के चौपटिया इलाके में एक सांड ने सड़क पर चल रही युवती को दौड़ाकर गिरा दिया और फिर उसे पैरों से रौंद दिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सांड अचानक युवती के पीछे दौड़ता है। युवती बचने की कोशिश में भागती है, लेकिन संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर जाती है। इसके बाद सांड उसे पैरों से रौंद देता है। आसपास मौजूद लोग किसी तरह मौके पर पहुंचकर सांड को भगाते हैं।
घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार युवती के शरीर में कई जगह चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक और आसपास के इलाकों में आवारा सांडों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है और नगर निगम से सांडों को पकड़वाने की मांग की जा रही है।
सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आवारा पशुओं पर नियंत्रण किया गया होता, तो इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता था।
फिलहाल पुलिस और नगर निगम को मामले की सूचना दे दी गई है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान तेज किया जाएगा।






