कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बयान के विरोध में सड़कों पर उतरे समर्थक, सार्वजनिक माफी की मांग
लखनऊ| शुक्रवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की टिप्पणी सामने आई। बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया, वहीं डॉ. राजेश्वर सिंह के समर्थक सड़कों पर उतर आए।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अजय राय के आरोपों को निराधार, दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक हताशा से प्रेरित बताया। उनका कहना है कि डॉ. राजेश्वर सिंह की साफ-सुथरी और ईमानदार छवि से घबराकर विपक्ष इस तरह की बयानबाजी कर रहा है।
बयान के विरोध में लखनऊ के शहीद पथ तिराहा और कानपुर रोड क्षेत्र में बड़ी संख्या में समर्थकों ने प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से सार्वजनिक माफी की मांग की। प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की और हालात पर लगातार नजर बनाए रखी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि अजय राय अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं समर्थकों का कहना है कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा और जनता के विश्वास का सवाल है।
दूसरी ओर, कांग्रेस खेमे की ओर से अब तक इस मुद्दे पर कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस टिप्पणी को लेकर चर्चाएं तेज हैं और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।
फिलहाल, अजय राय के बयान और उसके विरोध में हुए प्रदर्शन ने राजधानी लखनऊ की राजनीति में नई गर्माहट ला दी है और सभी की नजरें आगे होने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।





