लखनऊ। राजधानी में तेज आंधी के कारण कई जगह नुकसान देखने को मिला। गोमती नगर स्थित 1090 चौराहे पर सड़क किनारे लगे टीन शेड तेज हवा के दबाव में उड़ गए और सड़क पर आकर गिर पड़े। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी इतनी तेज थी कि शेड हवा में उखड़कर सीधे सड़क पर जा गिरे। गनीमत रही कि घटना के समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सड़क पर शेड गिरने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और शेड को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और खुले या कमजोर ढांचों के आसपास न रुकें।
तेज आंधी के चलते शहर के अन्य इलाकों में भी पेड़ गिरने और होर्डिंग्स हिलने की खबरें सामने आई हैं।






