लखनऊ। भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती आर्थिक साझेदारी को लेकर उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अहम प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे मेक इन इंडिया अभियान के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बताया है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने पोस्ट में कहा कि भारत–अमेरिका के बीच आर्थिक साझेदारी भारतीय उद्योग और उत्पादों के लिए नए अवसर लेकर आई है। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों पर टैरिफ में कमी से देश के निर्यात को मजबूती मिलेगी और मेक इन इंडिया के तहत बने उत्पादों को वैश्विक बाज़ार में नई पहचान और शक्ति मिलेगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक आर्थिक मंच पर एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में उभरा है। भारत–अमेरिका के बीच यह सहयोग न केवल व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को भी गति देगा।
डिप्टी सीएम ने विश्वास जताया कि इस आर्थिक समझ से उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश के उद्यमियों, किसानों और छोटे उद्योगों को लाभ मिलेगा और भारत की अर्थव्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती प्राप्त होगी।





