लखनऊ|राजधानी में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट को लेकर प्रेस वार्ता करते हुए इसे विजनरी और समावेशी बजट बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश जैसे देश के सबसे बड़े राज्य की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है और आने वाली पीढ़ियों को जोड़ने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार की नीतियां केवल कागजों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि जमीन पर उतरी हैं। इसका परिणाम है कि देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं और भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि बजट में रिफॉर्म, ग्रोथ और वित्तीय अनुशासन स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जिसमें किसान, युवा, महिला और गरीब सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।
सीएम योगी ने बताया कि एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान यूपी के लिए बेहद लाभकारी होगा, क्योंकि प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई यूनिट हैं। इससे ओडीओपी योजना के तहत डिजाइन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और एक्सपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला कार्यबल को बीते नौ वर्षों में तेजी से आगे बढ़ाया गया है और इस बार हर जिले में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल दिए जाने से नई गति मिलेगी।
पर्यटन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि माघ मेले में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया, जो यह दर्शाता है कि जब सरकार सुविधाएं देती है तो आस्था और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति पर ढाई करोड़, मौनी अमावस्या पर 4.5 करोड़, वसंत पंचमी पर 3.5 करोड़ और माघ पूर्णिमा पर 2.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। इसके साथ ही यूपी सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है, जहां देश के कुल मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का 60 प्रतिशत हिस्सा होता है।
स्वास्थ्य और शहरी विकास पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश के 98 जिला अस्पतालों की क्षमता दोगुनी की जाएगी, ट्रॉमा सेंटर खुलेंगे और गोल्डन ऑवर का लाभ मिलेगा। मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए वाराणसी में आयुर्वेद विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। साथ ही स्पोर्ट्स मैन्युफैक्चरिंग, स्पोर्ट्स अकादमी और कॉलेजों के निर्माण से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, शहरी विकास, हेल्थ, टूरिज्म, एमएसएमई और उद्योग से जुड़े प्रावधान उत्तर प्रदेश में लाखों रोजगार सृजित करेंगे। इसी केंद्रीय बजट के आधार पर फरवरी में प्रदेश का बजट पेश किया जाएगा, जिससे युवा, महिलाएं और एमएसएमई सेक्टर से जुड़े लोग सबसे अधिक लाभान्वित होंगे।






