लखनऊ | भारतीय जनता पार्टी राज्य सरकार के बजट को लेकर बजट उपलब्धि अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत पार्टी 10 फरवरी तक प्रदेश भर में अपनी गतिविधियां आयोजित करेगी। अभियान के दौरान भाजपा के मंत्री, विधायक और पदाधिकारी सरकार के बजट की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस अभियान के अंतर्गत भाजपा पदाधिकारी अलग-अलग जिलों और स्थानों पर जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस, गोष्ठियों और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से बजट में किए गए प्रावधानों की जानकारी देंगे। विधायक और मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में बजट से जुड़ी योजनाओं और विकास कार्यों को गिनाएंगे।
भाजपा का उद्देश्य बजट में किए गए प्रावधानों को सीधे जनता तक पहुंचाना और यह बताना है कि बजट से आम लोगों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों को किस प्रकार लाभ मिलेगा। इसके लिए पार्टी संगठन स्तर पर व्यापक कार्यक्रम तय किए गए हैं।
पार्टी नेतृत्व ने पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अभियान के दौरान सरकार की नीतियों और बजट की उपलब्धियों को सरल भाषा में जनता के सामने रखें, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार के कार्यों से अवगत हो सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here