सीतापुर | जिले में सरकारी संपत्ति की खुलेआम लूट का मामला सामने आया है। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के कटरा इलाके में अज्ञात लकड़कट्टों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सड़क किनारे खड़े सात सरकारी पेड़ों की कटाई कर दी। आरोप है कि लकड़कट्टे ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे और कीमती लकड़ी काटकर अपने साथ ले गए।
सूचना के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है, जब सुनसान का फायदा उठाकर लकड़कट्टों ने योजनाबद्ध तरीके से पेड़ों को काटा। पेड़ काटने के बाद उन्हें जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर फरार हो गए।
मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और लकड़कट्टों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और तेज रफ्तार वाहनों के चलते वे उन्हें पकड़ने में असफल रहे। मौके पर कटे हुए पेड़ों के अवशेष और टहनियां पड़ी मिलीं, जिससे बड़े पैमाने पर कटान की पुष्टि हुई है।
घटना के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। सरकारी पेड़ों की कटाई को लेकर वन विभाग द्वारा अज्ञात लकड़कट्टों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है कि लकड़कट्टे किस गिरोह से जुड़े हैं और इसमें किसी स्थानीय स्तर की मिलीभगत तो नहीं है।
फिलहाल रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के कटरा इलाके में हुई इस घटना को लेकर वन विभाग की टीम मौके की पड़ताल कर रही है और जिम्मेदार लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।





