फर्रुखाबाद| अमृतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 16 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों की शिकायत पर अमृतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 30 जनवरी 2026 की शाम साइकिल से गांव की दुकान पर सामान लेने गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में किशोरी की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
काफी तलाश के बाद भी किशोरी का पता न चलने पर परिजनों ने अमृतपुर थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों के अनुसार लापता किशोरी का रंग गोरा है, कद लगभग 5 फुट है और शरीर की बनावट सामान्य है।
इस संबंध में अमृतपुर थाना प्रभारी मोनू शाक्य ने बताया कि किशोरी के लापता होने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य बिंदुओं के आधार पर जांच की जा रही है। किशोरी की जल्द बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।





