फर्रुखाबाद| कादरीगेट थाना क्षेत्र में गाड़ी साइड करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंग युवकों ने एक दूध व्यापारी के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दूध व्यापारी रमेश और उनके पुत्र राजन घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल रमेश को डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना विकास खंड बढ़पुर क्षेत्र के गांव पपियापुर की है। बताया गया है कि दूध व्यापारी रमेश बाइक से घर लौट रहे थे। पपियापुर की ओर मुड़ते समय ढाबे के पास कुछ युवक रास्ते में खड़े थे। रमेश ने उनसे गाड़ी साइड करने को कहा, लेकिन युवकों ने मना कर दिया। इसके बाद रमेश वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गए।
कुछ ही देर बाद वही युवक रमेश के घर पहुंच गए और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए रमेश के पुत्र राजन को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित रमेश ने थाना कादरीगेट पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में आईटीआई पुलिस चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि मारपीट की तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





