26 सितंबर की हिंसा में शामिल था आरोपी, पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे
बरेली।पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सुभान उर्फ चूरन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी 26 सितंबर को हुई हिंसक घटना में सक्रिय रूप से शामिल था और हिंसा से पहले अवैध हथियारों का वितरण किया गया था।
पुलिस पूछताछ में सुभान उर्फ चूरन ने स्वीकार किया है कि उसे आईएमसी के पार्षद अनीस द्वारा भड़काया गया था। आरोप है कि मजहब के नाम पर लोगों को उकसाकर हथियार बांटे गए, जिससे क्षेत्र में तनाव और हिंसा फैल गई।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सुभान उर्फ चूरन के खिलाफ कुल 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर पुलिस पर फायरिंग करने का भी गंभीर आरोप है, जिससे वह लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बारादरी थाना क्षेत्र के फाइक एनक्लेव से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने पूरी सतर्कता बरती, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हिंसा के पीछे किसी संगठित गिरोह या बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।





