फर्रुखाबाद| महिलाओं और बालिकाओं के हित से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष की जिला संचालन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसमें पॉक्सो एक्ट से संबंधित कुल 5 प्रकरणों को जिला संचालन समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृत प्रत्येक प्रकरण में पीड़ित को 3 लाख रूपये की सहायता राशि प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे कुल 15 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह सहायता पीड़ितों के पुनर्वास, चिकित्सा, शिक्षा एवं न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग के उद्देश्य से दी जाती है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत सहायता राशि शीघ्रता से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाई जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की योजनाओं का उद्देश्य पीड़ितों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें न्याय की प्रक्रिया में मजबूती प्रदान करना है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।






