लखनऊ| प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय पर कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभी अधिकारी और कर्मचारी एसआरआई (स्पेशल रिवीजन ऑफ इलेक्टोरल रोल) के कार्य में व्यस्त हैं, लेकिन फरवरी के बाद पंचायत चुनाव की प्रक्रिया विधिवत शुरू कर दी जाएगी।भीमपुरा क्षेत्र के बाहरपुर बाभनौली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने योगी सरकार में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लगा दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में फिलहाल किसी भी तरह का मंत्रिमंडल विस्तार नहीं होने जा रहा है।
विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए पंचायती राज मंत्री ने कहा कि विपक्ष पूरी तरह कमजोर हो चुका है और उसके पास कोई ठोस रणनीति नहीं है। उन्होंने विपक्ष को “दगे कारतूस” बताते हुए कहा कि एनडीए में ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद और स्वयं ओमप्रकाश राजभर जैसे नेता हैं, जिनके पास वोट बंटोरने और विधायक बनाने की ताकत है। इसी ताकत के बल पर प्रदेश में वर्ष 2047 तक एनडीए की सरकार बनी रहेगी और विपक्ष का पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) गठबंधन उसका मुकाबला नहीं कर पाएगा।
बिहार की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने तेज प्रताप यादव द्वारा मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को भारत रत्न दिए जाने की मांग पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न मांगने से नहीं मिलता, बल्कि देश और समाज के लिए किए गए त्याग और योगदान के आधार पर दिया जाता है। उन्होंने चारा घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि लालू यादव स्वयं उस मामले में आरोपी रह चुके हैं।
इस दौरान ओमप्रकाश राजभर ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी एक कुशल नेता हैं, लेकिन इसके बावजूद पश्चिम बंगाल में अब एनडीए की सरकार बनेगी। ईडी की छापेमारी और जांच को लेकर ममता सरकार के रवैये पर उन्होंने कहा कि ईडी एक स्वतंत्र एजेंसी है और मुख्यमंत्री होने के नाते ममता बनर्जी को उसकी जांच में सहयोग करना चाहिए। राजभर ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता ममता सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी और पश्चिम बंगाल में एनडीए की सरकार बनेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here