22 C
Lucknow
Thursday, February 19, 2026

एसआईआर के बाद जिले में 12 लाख से अधिक मतदाता घटे

Must read

लखनऊ उत्तर में सबसे ज्यादा नाम कटे

लखनऊ| एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई मसौदा मतदाता सूची में लखनऊ जिले में मतदाताओं की संख्या में बड़ी गिरावट सामने आई है। जिले में कुल 12 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया से पहले जिले में कुल 39,94,535 मतदाता पंजीकृत थे, जबकि अब मसौदा सूची में यह संख्या घटकर 27,94,397 रह गई है। इस तरह कुल 12,00,138 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है।
जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता संख्या घटी है। इनमें लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1,91,597 मतदाताओं के नाम कटे हैं, जबकि मोहनलालगंज (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 60,785 मतदाता कम हुए हैं। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में 1,89,185, लखनऊ पूर्व में 1,70,095, लखनऊ कैंटोनमेंट में 1,42,992, लखनऊ पश्चिम में 1,42,289, लखनऊ मध्य में 1,28,754, बक्शी का तालाब में 1,10,271 और मलिहाबाद (अनुसूचित जाति) क्षेत्र में 64,170 मतदाता घटे हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावली के मसौदा प्रारूप का प्रकाशन किया गया है। इस मसौदा सूची पर छह फरवरी तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद दावों और आपत्तियों की जांच, सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया 27 फरवरी तक पूरी की जाएगी। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन छह मार्च को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर के दूसरे चरण में जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के 1,556 मतदान केंद्रों और 4,132 मतदेय स्थलों पर बीएलओ और निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहकर मतदाताओं की सहायता करेंगे। नए मतदाता नाम जोड़ने, नाम में संशोधन कराने या नाम हटाने के लिए निर्धारित फॉर्म भर सकते हैं। ये फॉर्म निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in पर ऑनलाइन या निर्धारित तिथियों पर संबंधित मतदेय स्थलों से ऑफलाइन प्राप्त कर जमा किए जा सकते हैं।
मसौदा मतदाता सूची में थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या भी सामने आई है। एसआईआर प्रक्रिया के बाद जिले में कुल 89 थर्ड जेंडर मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 15 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। सरोजनीनगर और लखनऊ उत्तर में 14-14, मलिहाबाद, बक्शी का तालाब और लखनऊ कैंटोनमेंट में नौ-नौ, मोहनलालगंज में 11, लखनऊ मध्य में पांच और लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र में तीन थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
महिला मतदाताओं की बात करें तो मसौदा सूची के अनुसार सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1,91,496 महिला मतदाता हैं, जबकि मोहनलालगंज (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1,36,044 महिला मतदाता दर्ज की गई हैं। मलिहाबाद में 1,37,427, बक्शी का तालाब में 1,79,796, लखनऊ पश्चिम में 1,53,582, लखनऊ उत्तर में 1,45,598, लखनऊ पूर्व में 1,42,408, लखनऊ मध्य में 1,16,623 और लखनऊ कैंटोनमेंट में 1,07,263 महिला मतदाता हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article