डीएम का फरमान रद्दी की टोकरी मे

भीषण सर्दी में बच्चे जा रहे स्कूल, प्रधानाचार्य की सह पर खोला जा रहा विद्यालय

फर्रुखाबाद। जनपद में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी द्वारा शीतलहर और ठंड को देखते हुए 14 जनवरी तक सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। प्रशासनिक आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए सेनापति स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य धर्मवीर द्वारा खुलेआम विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार प्रधानाचार्य धर्मवीर के दो विद्यालय संचालित हैं और दोनों ही विद्यालय जिलाधिकारी के स्पष्ट आदेशों के बावजूद खुले हुए हैं। आदेशों की अनदेखी कर पूरी रंगबाजी के साथ विद्यालय चलाया जा रहा है, जिससे न केवल प्रशासन की साख पर सवाल खड़े हो रहे हैं बल्कि बच्चों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जहां एक ओर जिले के अधिकांश विद्यालय जिलाधिकारी के आदेशों का पालन कर बंद हैं, वहीं दूसरी ओर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बच्चों को बुलाकर नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इससे यह सवाल उठता है कि क्या कुछ विद्यालयों के लिए प्रशासनिक आदेश अलग हैं?
जब इस पूरे मामले को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विश्वनाथ प्रताप सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। बीएसए ने आश्वासन दिया कि यदि विद्यालय खुला पाया जाता है तो खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन अपने आदेशों की गरिमा बनाए रखने के लिए क्या सख्त कदम उठाता है या फिर ऐसे ही नियमों की अनदेखी कर विद्यालय मनमानी करते रहेंगे। अभिभावकों और आमजन में इस मामले को लेकर रोष व्याप्त है और लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here